भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘सक्षम’, ‘समर्थ’ एवं ‘समृद्धि’ सेल स्तरीय प्रबंधन एवं व्यवसाय क्विज़ का शुभारंभ….

IMG-20250805-WA0711.jpg


भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘सक्षम’, ‘समर्थ’ एवं ‘समृद्धि’ सेल स्तरीय प्रबंधन एवं व्यवसाय क्विज़ का शुभारंभ

भिलाई नगर 05 अगस्त 2025:- भिलाई इस्पात संयंत्र के भिलाई निवास में 5 अगस्त 2025 को सेल स्तरीय मैनेजमेंट एवं बिजनेस क्विज़ (एमबीक्यू) 2025 का शुभारंभ हुआ। यह प्रतिष्ठित दो दिवसीय प्रतियोगिता इस वर्ष भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन – ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग (एचआर एलएंडडी) द्वारा आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के तीन प्रमुख वर्ग—‘सक्षम’, ‘समर्थ’ एवं ‘समृद्धि’ के अंतर्गत सेल की विभिन्न इकाइयों से कुल 34 दो-सदस्यीय टीमें भाग ले रही हैं।


उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (एचआर)  पवन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एचआर)  संदीप माथुर, मुख्य महाप्रबंधक (टीएसडी एवं सीएसआर)  उत्पल दत्ता सहित भिलाई इस्पात संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


इस वर्ष की क्विज़ सत्रों का संचालन प्रतिष्ठित क्विज़ मास्टर्स पैनल द्वारा किया जा रहा है, जिसमें पूर्व हेड (एचआर – अलायंसेज़ टेक.)  उमेश कामथ, पूर्व निदेशक (शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) एवं पूर्व कार्यपालक निदेशक (सेल)  एसपीएस जग्गी, तथा पूर्व महाप्रबंधक एवं एचओडी (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क, बीएसपी)  जेकब कुरियन शामिल हैं। अपने अनुभव और विशेषज्ञता से ये क्विज़ मास्टर्स प्रतियोगिता को ज्ञानवर्धक बना रहे हैं।


अपने उद्घाटन संबोधन में कार्यपालक निदेशक (एचआर)  पवन कुमार ने कहा कि इस सेल स्तरीय मैनेजमेंट एवं बिजनेस क्विज़ जैसी प्रतियोगिताएँ संगठन के श्रेष्ठतम प्रतिभाओं और तेजस्वी मस्तिष्कों को देखने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी ऐसी ज्ञानवर्धक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं, वे अपने पेशेवर दायित्वों में अवश्य उत्कृष्टता प्राप्त करते हैं और संगठन की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।  पवन कुमार ने सभी प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह दो दिवसीय आयोजन प्रतिभागियों और क्विज़ मास्टर्स के बीच सार्थक संवाद एवं सीखने के अनेक अवसर प्रदान करेगा।


उद्घाटन समारोह की शुरुआत महाप्रबंधक प्रभारी (एचआर एलएंडडी)  एस.के. श्रीवास्तव के स्वागत भाषण से हुई। कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (एचआर स्टील) सुश्री शालिनी चौरसिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (एचआर एलएंडडी)  मुकुल सहारिया द्वारा प्रस्तुत किया गया।

उल्लेखनीय है कि ‘सक्षम’ श्रेणी विशेष रूप से कार्यपालकों के लिए है, जो प्रबंधन, व्यवसाय और कॉर्पोरेट ज्ञान पर कन्द्रित होती है। ‘समर्थ’ श्रेणी गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के लिए है, जो व्यवसायिक जागरूकता, रणनीतिक सोच और सेल से संबंधित विकास पर केंद्रित है। वहीं, ‘समृद्धि’ महिला कर्मचारियों के लिए विशेष श्रेणी है, जो प्रबंधन और व्यवसाय क्षेत्र में ज्ञान और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने हेतु एक समर्पित मंच प्रदान करती है। तीनों ही श्रेणियों की प्रतियोगिताएँ चरणबद्ध स्वरूप में आयोजित होती हैं, जिनकी शुरुआत संयंत्र एवं इकाई स्तर की लिखित एवं मौखिक प्रारंभिक प्रतियोगिताओं से होती है और अंत में सेल स्तर की कॉर्पोरेट फाइनल में पहुँचती है। इन फाइनल में प्रबंधन, व्यवसाय, सामयिक घटनाक्रम और सेल की पहलों पर आधारित विभिन्न थीम्ड राउंड शामिल रहते हैं।


scroll to top