भिलाई में प्रथम श्री अरविंद महिला पाठचक्र सम्मेलन का राज्य स्तरीय आयोजन संपन्न….बीएसपी के ईडी(वित व लेखा) डॉक्टर ए के पंडा ने किया उद्घाटन

IMG_20240211_225706.jpg

भिलाई नगर 11 फरवरी 2024 :- श्री अरविंद योग साधना केंद्र भिलाई में 10 फरवरी 2024 को प्रदेश स्तरीय प्रथम अरविंद महिला पाठ चक्र सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस महती कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में स्थापित श्री अरविंद केंद्रों के महिला सदस्यों ने शिरकत की। इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में मुख्य रूप से महिलाओं के सर्वांगीण विकास व उत्थान के लिए विविध विषयों पर समग्र परिचर्चा रखी गई। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य यह है कि महिला जिस प्रकार अपने घर परिवार को संवारती हैं उसी प्रकार वह समाज के विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका व दायित्व का निर्वहन करें। यह राज्य स्तरीय परिचर्चा महिलाओं को इसी विकास में भागीदारी प्रदान करने हेतु आंतरिक रूप से सक्षम बनाने का समेकित प्रयास है।

इस राज्य स्तरीय सम्मेलन का उद्घाटन सेल भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) डॉक्टर अशोक कुमार पंडा ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में उड़ीसा से पधारी वरिष्ठ साधक दीदी डॉक्टर विजयानी विशेष रूप से उपस्थित थीं। इसके अतिरिक्त दीदी मेरी, गीता, बेला एवं जोशना भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रही। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉक्टर ए के पंडा  ने सम्मेलन के सफल आयोजन की शुभकामना प्रेषित करते हुए इसमें भाग लेने वाले प्रदेश भर से आए बहनों को बधाई दी।

सम्मेलन के प्रथम सत्र में दीदी श्रीमती संचयीता एवं विश्वजीत सरकार व अन्य सहयोगियों ने सुमधुर भक्ति संगीत प्रस्तुत किया। साथ ही प्रतिभागी महिलाओं को उच्चतर चेतन की ओर ले जाने के विभिन्न उपायों को बड़े ही सरल भाव से संप्रेषित किया। साधकों ने उच्च स्तरीय चेतना जागने के विभिन्न क्रियाओं से प्रतिभागियों को रूबरू कराया।

सम्मेलन के द्वितीय सत्र में संपूर्ण राज्य से आए वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। द्वितीय सत्र में मुख्य रूप से उपस्थित श्रीमती सुजाता जेराम अय्यर ने श्री अरविंद के योग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। विदित हो कि श्रीमती अय्यर ने पांडिचेरी स्थित श्री अरविंद आश्रम में अपने जीवन के कई वर्ष समर्पित किये हैं।

इसी क्रम में डॉक्टर इंद्राणी घोष ने महिलाओं के उत्थान में श्री मां व श्री अरविंद के योग कैसे सहायक सिद्ध होंगे इसे बड़े ही सरल भाषा मे लोगों को समझाया। इसी प्रकार डॉक्टर गीता वर्मा ने जहां महिलाओं के लिए कैसी शिक्षा जरूरी है इस संदर्भ में अपने विचार रखे, वहीं बेमेतरा से पधारी प्राचार्य सुदेशना दीदी ने शारीरिक, मानसिक,प्राणिक, आंतरिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा के संबंध में समग्र जानकारी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती रीता दत्ता ने किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश के विभिन्न केंद्रों से पधारी बहनों ने अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई। इन में प्रमुख रूप से सुनीता, अनुपमा,रोजी, ममता, दीपाली, सीमा,आयशा,रीना नंदी, रुखसाना, चेताली एवं डॉक्टर कल्पना मुख्य रूप से शामिल है।

उल्लेखनीय है कि 21 व 22 दिसंबर 2024 को देश के सभी श्री अरविंद केंद्रों द्वारा भिलाई में तीसरा राष्ट्रीय श्री अरविंद महिला पाठ चक्र का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले कटक एवं कोलकाता में राष्ट्रीय श्री अरविंद महिला पाठ चक्र का आयोजन किया जा चुका है।


scroll to top