पराक्रम दिवस के रूप में मनी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती
00 सांसद बघेल ने प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि

भिलाई नगर 23 जनवरी 2026:- – आजादी की लड़ाई के महानायक और क्रांतिकारी सुभाष चंद्र बोस की जयंती आज पराक्रम दिवस के तौर पर मनाई जा रही है। इस अवसर पर इस्पात नगरी में अनेक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं। भिलाई के प्रियदर्शनी परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर भी आज श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके योगदान को याद किया गया। सांसद विजय बघेल के अलावा भिलाई इस्पात संयंत्र के आला अधिकारी भी इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद थे।

उन्होंने सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें देश का जननायक बताया। श्री बघेल ने उनके कार्यों को याद करते हुए कहा कि सुभाष चंद्र बोस जैसे जननायकों की बदौलत ही आज हम आजाद भारत में सांस ले पा रहे हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक पवन कुमार ने कहा कि क्रांतिकारियों द्वारा देखे गए विकसित भारत के सपने को पूरा करने का दायित्व हम सबके कंधों पर है।
बंग समाज के प्रमुख उज्जवल दत्ता भी इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद थे। उन्होंने ने सुभाष चंद्र बोस को युवाओं का प्रेरणा स्रोत बताया। वहीं भिलाई बंगाली समाज द्वारा नेताजी की जयंती पर प्रभात फेरी का आयोजन भी किया गया जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।



