टाउनशिप के गणेशोत्सव में अवैध वसूली जिला प्रशासन ने सेक्टर 2 – 7 एवं सेक्टर 10 समितियां को दिया नोटिस .. कलेक्टर ने तीन दिन में मांगा जवाब…
भिलाई नगर 31 अगस्त 2025:- टाउनशिप में आयोजित गणेशोत्सव धार्मिक आयोजनों का शुक्रवार की रात प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान तीन गणेश पंडालों सेक्टर 7, सेक्टर 10 और सेक्टर 2 में अवैध पार्किंग वसूली करते हुए लोगों को पकड़ा गया। शनिवार को कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर तीन समितियों को नोटिस जारी की गई है। उनसे तीन दिन में जबाव देने कहा है। मौके से अवैध पार्किंग की पर्ची भी जब्त की गई है।

अधिकारियों के मुताबिक जिन पंडालों को नोटिस दिया गया है, उन्होंने निगम से पार्किंग शुल्क लेने की अनुमति नहीं ली है। यहां आने वालों से पार्किंग वसूली का वीडियो भी वायरल है। इसमें पार्किंग के नाम पर बाइक वालों से 10 रुपए और कार वालों से 20 रुपए वसूले जा रहे हैं। गणेश पंडालों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस से जारी गाइड लाइन के अनुसार पार्किंग वसूलने के पहले निगम में टैक्स जमा करके अनुमति लेना था। दर्शन करने वालों से किसी भी तरह का शुल्क नहीं लेने के भी निर्देश थे। नियमों की अनदेखी की शिकायत मिलने पर शुक्रवार की रात टीम ने निरीक्षण किया।

सेक्टर 7, 10 और 2 के गणेश पंडालों को नोटिसः एसडीएम हितेश पिस्दा ने बताया कि शुक्रवार को टाउनशिप के तीन पंडालों का निरीक्षण किया गया। अनियमितताएं देखने के बाद सेक्टर-7, सेक्टर-10 और सेक्टर-2 स्थित तीन पंडालों को नोटिस जारी किया गया। तीनों पंडालों में वाहनों की पार्किंग सड़क पर थी। इससे आवागमन बाधित हो रहा था। सख्त निर्देश थे कि पंडाल संचालक प्रांगण में ही पार्किंग की व्यवस्था करेंगे। तीनों पंडालों से पार्किंग शुल्क वसूल करने की पर्ची भी बरामद की गई। वसूली अवैधानिक है। समितियों ने निगम को कोई टैक्स नहीं दिया है।
समितियों के शपथ पत्रों की भी जांच शुरू की गई
इधर, अधिकारियों ने गणेश पंडाल समितियों से मिले शपथ पत्रों की जांच शुरू कर दी है। इससे पता चलेगा कि किस समिति ने अपने शपथ पत्र में आयोजन को लेकर क्या जानकारी दी थी। शपथ पत्र में दी गई जानकारी के हिसाब से समितियां काम नहीं कर रही होंगी तो प्रशासन कार्रवाई करेगा। पुलिस प्रशासन ने भी समितियों के साथ बैठक की थी। इसके बाद गाइड लाइन जारी किया गया था।


