महोत्सव से मिली कल्चुरी कालीन शिव मंदिर को राष्ट्रीय स्तर पहचान – विजय बघेल
00 दो दिनों तक देवबलोदा में बिखरी कला व संस्कृति की छंटा

भिलाई नगर 17 फरवरी 2026:- महाशिवरात्रि पर नगर पालिक निगम भिलाई – चरोदा के दो दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन देवबलोदा महोत्सव का 15 फरवरी की शाम दुर्ग सांसद विजय बघेल ने उद्घाटन किया। इस दौरान बघेल ने कहा कि देवबलोदा महोत्सव से यहां के कल्चुरी कालीन शिव मंदिर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। महोत्सव के उद्घाटन समारोह में महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकर एवं निगम आयुक्त डीएस राजपूत सहित निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी – कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम जनमानस की उपस्थिति रही।

नगर निगम की ओर से प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर देवबलोदा महोत्सव मनाया जाता है। आयोजन के 24 वें वर्ष उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग सांसद विजय बघेल उपस्थित हुए। इस अवसर पर उन्होंने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि भिलाई – चरोदा नगर निगम क्षेत्र उनकी जन्म और कर्मभूमि है। इसलिए देवबलोदा गांव, यहां पर स्थित कल्चुरी कालीन शिव मंदिर और महाशिवरात्रि पर लगने वाला मेले की तस्वीर बचपन से ही उनके मन मस्तिष्क में अंकित है। इसी वजह से जब वर्ष 2000 में नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ तो तात्कालिन परिषद के सदस्यों के साथ मिलकर देवबलोदा के प्राचीन शिव मंदिर की प्रसिद्धि को देश भर में विस्तार रुप देने के लिए महोत्सव के आयोजन की शुरुआत की गई। आज यह महोत्सव 24 वें वर्ष मनाया जा रहा है। अगले साल रजत जयंती महोत्सव को भव्य तरीके से मनाया जाना चाहिए। महोत्सव का समापन 16 फरवरी को महापौर निर्मल कोसरे के मुख्य आतिथ्य व सभापति कृष्णा चंद्राकर की अध्यक्षता में किया गया।



महापौर निर्मल कोसरे ने इस बार हो रहे देवबलोदा महोत्सव की रुपरेखा की जानकारी देकर अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी मुख्य कार्यक्रम से पहले स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया गया। नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारियों ने भी अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य कार्यक्रम के छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोक कलाकार सुनील सोनी और उनकी टीम द्वारा रंगारंग मंचीय प्रस्तुति ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। द्वितीय दिवस लोक कलाकार पायल साहू के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया।




