दीपावली का पर्व देता है आपसी एकता और सहयोग का संदेश – इंद्रजीत सिंह
00 विभिन्न जगहों पर आयोजित गौरा गौरी और गोवर्धन पूजा में शामिल हुए एचटीसी के डायरेक्टर

भिलाई नगर 23 अक्टूबर 2025:- दुर्ग-भिलाई में दीपावली का पर्व बड़े ही धूमधाम, आस्था और परंपरागत उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न जगहों पर गौरा गौरी और गोवर्धन पूजा के साथ मातर उत्सव का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर एवं भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू और महासचिव मलकीत सिंह लल्लू अपनी टीम के साथ शामिल हुए।

ढोल-नगाड़ों की थाप, पारंपरिक गीतों और नृत्य की धुनों से पूरा वातावरण गूंज उठा। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी पूजा में शामिल हुई, वहीं युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए अपनी परंपराओं के प्रति उत्साह और सम्मान व्यक्त किया।

समाजसेवी इंद्रजीत सिंह छोटू ने पूजा के दौरान कहा कि देवारी तिहार और गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति आभार और गौ-सेवा की भावना का प्रतीक है। यह पर्व हमें एकता, सहयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने में आगे आएं ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इन मूल्यों से जुड़ी रहें।
00 सोंटा प्रहार सहने की निभाई परम्परा

कार्यक्रम के दौरान इंद्रजीत सिंह छोटू ने “सोंटा का प्रहार” सहने की परंपरा का निर्वहन भी किया। यह प्रथा लोक आस्था का प्रतीक मानी जाती है, जिसमें व्यक्ति देवताओं की आराधना करते हुए स्वयं पर हल्का प्रहार सहन करता है। इसे साहस, शक्ति और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए और “जय गोवर्धन, जय गौ माता” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।





