राज्यपाल ने किया तीन दिवसीय राज्य युवा महोत्सव का समापन…छत्तीसगढ़ के विकास की इंजन है ऊर्जावान युवा :  रमेन डेका

IMG-20251225-WA1641.jpg

राज्यपाल ने किया तीन दिवसीय राज्य युवा महोत्सव का समापन

छत्तीसगढ़ के विकास की इंजन है ऊर्जावान युवा :  रमेन डेका

बिलासपुर, 25 दिसम्बर 2025:- राज्यपाल  रमेन डेका ने आज बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के बीच समापन किया। उन्होंने विजेता टीमों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री  तोखन साहू ने की।

राज्यपाल  रमेन डेका ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बीते दिनों में इस मंच ने जिस ऊर्जा, उत्साह और रचनात्मकता को देखा है, वह यह बताने के लिए काफी है कि छत्तीसगढ़ का भविष्य कितना उज्ज्वल है। यह महोत्सव केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं था। यह आत्मविश्वास का मंच था, प्रतिभा की पहचान थी और सपनों को पंख देने का अवसर था।

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल उसके जंगलों, खनिजों या नदियों से नहीं है। छत्तीसगढ़ की असली पहचान उसका ऊर्जावान युवा है। मेहनती, रचनात्मकता और जमीन से जुड़े युवाओं पर हमें गर्व है।

श्री डेका ने कहा कि हमें विशेष गर्व है कि इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं को प्रमुख स्थान मिला। जब युवा अपनी संस्कृति को समझता है, तो उसमें आत्मसम्मान पैदा होता है। आज की दुनिया तेजी से बदल रही है। तकनीक बदल रही है, सोच बदल रही है, जीवन शैली बदल रही है। लेकिन इन बदलावों के बीच अगर हम अपनी भाषा, अपनी कला और अपने मूल्यों को थामे रखें, तो हम कहीं खोते नहीं हैं। अक्सर कहा जाता है कि युवा देश का भविष्य हैं। मैं कहना चाहता हूँ कि युवा देश का वर्तमान भी हैं। आज समाज में जो बदलाव आ रहे हैं, उनमें युवाओं की प्रत्यक्ष भूमिका है।

राज्यपाल ने आगे कहा कि आप सोशल मीडिया पर क्या लिखते हैं, किस मुद्दे पर आवाज उठाते हैं, किस तरह का व्यवहार करते हैं, इन सबका असर समाज पर पड़ता है। इसलिए यह बहुत जरूरी है कि युवा जिम्मेदारी के साथ अपनी ऊर्जा का उपयोग करें।

राज्यपाल ने कहा कि जीवन में हर किसी को हार का सामना करना पड़ता है। प्रतियोगिता में कोई पहला आता है, कोई दूसरा, कोई तीसरा। लेकिन असली हार तब होती है, जब हम प्रयास करना छोड़ देते हैं। अगर आज कोई पुरस्कार नहीं मिला, तो निराश मत होइए। हो सकता है कल वही मंच आपका इंतजार कर रहा हो। याद रखिए की हर सफल व्यक्ति के जीवन में असफलताओं की लंबी कहानी होती है। आज का समय केवल नौकरी खोजने का नहीं है, बल्कि अवसर बनाने का है। छत्तीसगढ़ में कृषि, वन उत्पाद, पर्यटन, हस्तशिल्प, खेल, कला और तकनीक हर क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था “उठो, जागो और तब तक प्रयास करो जब तक अपने लक्ष्य को प्राप्त न कर लो।” आज हमारी सरकार उसी विचार को धरातल पर उतार रही है। हमारा लक्ष्य है कि ओलंपिक पोडियम पर छत्तीसगढ़ का युवा तिरंगा थामे खड़ा दिखाई दे।

युवा उत्सव में इन्हें मिला प्रथम पुरस्कार –
तीन दिवसीय राज्य युवा महोत्सव के विजेता प्रतिभागियों को राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह वर्धन किया। महोत्सव में संपन्न 14 विधाओं के विजेताओं को नगद पुरस्कार, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। लोकनृत्य का प्रथम पुरस्कार जिला रायपुर, लोकगीत का प्रथम पुरस्कार सरगुजा, पंथी नृत्य में मुंगेली, राउत नाचा में कोंडागांव, सुआ नृत्य बलौदा बाजार, करमा नृत्य में सरगुजा, रॉक बैंड में बस्तर, एकांकी नाटक में धमतरी, नवाचार में कोरबा जिला, वाद विवाद में राजनांदगांव, चित्रकला में धमतरी, कविता लेखन में बिलासपुर, पारम्परिक वेशभूषा में सरगुजा और कहानी लेखन में कोरबा जिला ने प्रथम स्थान हासिल कर पुरस्कार जीते। समारोह में कुल 33 लाख के पुरस्कार युवाओं को बांटे गये।


scroll to top