मूसलाधार बारिश से जलमग्न हुई इस्पात नगरी की निचली बस्तियां….. भट्टी थाना पुलिस लाइन व कोसा नगर इलाके में घरों पानी प्रवेश करने से जनजीवन अस्त-व्यस्त….. पीड़ितों को सार्वजनिक भवनों में ठहराकर दिया गया भोजन पानी….

IMG-20250709-WA1124.jpg

मूसलाधार बारिश से जलमग्न हुई इस्पात नगरी की निचली बस्तियां
00 भट्टी थाना पुलिस लाइन व कोसा नगर इलाके में घरों पानी प्रवेश करने से जनजीवन अस्त-व्यस्त
00 पीड़ितों को सार्वजनिक भवनों में ठहराकर दिया गया भोजन पानी


भिलाई नगर 09 जुलाई 2025:-  मूसलाधार बारिश के चलते आज सुबह शहर की निचली बस्तियों में जलजला सा आ गया। भट्टी थाना पुलिस लाइन, कोसा नगर, लक्ष्मी नगर और राधिका नगर टाउनशिप के विभिन्न कॉलोनी  क्षेत्र के घरों में घुटने से भी ज्यादा पानी भर जाने से लोगों के राशन से लेकर अन्य घरेलू सामान भीगकर खराब हो गए। नगर निगम की टीम ने सुबह सुबह प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

लोगों को सार्वजनिक भवनों में शरण देकर भोजन पानी की व्यवस्था की गई। भिलाई टाउनशिप सहित भिलाई-3 चरोदा और कुम्हारी क्षेत्र में भी बारिश के चलते निचली बस्तियों में रहने वालों को परेशानी उठानी पड़ी है।


भिलाई – दुर्ग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जहां नदी नाले उफान पर हैं वहीं शहरी क्षेत्र में भी जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भिलाई शहर की निचली बस्तियां तरबतर हो गई है‌। प्रमुख आवाजाही वाली सड़क और अंदरूनी गलियों में पानी भर जाने से नाले का स्वरूप नजर आया। कामकाजी लोगों को लगातार हो रही बारिश के चलते गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हुई। वहीं शहर के अनेक निचली बस्तियों में बारिश का पानी घरों में घुसने से रोजमर्रा की जरुरतों वाली सामान भीग गए। शहर के ज्यादातर रेलवे अण्डरब्रिज के लबालब भर जाने से लोगों को पटरी पार आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातर बारिश होने से भिलाई के कोसा नाला बस्ती, अटल आवास, लक्ष्मी नगर, राधिका नगर, कोहका आदि क्षेत्रों में बारिश मानो कहर बनकर टूट पड़ी है।

सुपेला और भिलाई भट्ठी थाना में बारिश का पानी प्रवेश कर गया है। साथ ही केम्प, सुपेला, खुर्सीपार, रिसाली रुआंबाधा ,जैसे क्षेत्र की कईं कालोनियां जलमग्न हो जाने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। भिलाई के महापौर नीरज पाल निगम के अधिकारियों के साथ बारिश प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया।

महापौर ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पानी भरा है वहां पर राहत कार्य किए जा रहे हैं। नगर निगम का अमला पूरे संसाधनों के साथ बारिश के पानी की व्यवस्थित निकासी में जुट गया। ताकि लोगों को कुछ राहत मिल पाए। लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखकर उनके भोजन पानी की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जा रही है।

भिलाई – चरोदा में भी कईं जगह भरा पानी
लगातार बारिश के चलते भिलाई – चरोदा नगर निगम क्षेत्र के कईं वार्डों में पानी भरने की शिकायत सामने आई है। भिलाई-3 के विश्वबैंक कॉलोनी, शांति नगर, बजरंग पारा, आजाद चौक और रेलवे कॉलोनी सहित चरोदा शहरी क्षेत्र के कुछ वार्ड में अंदरुनी सड़क नाले में तब्दील हो गई थी। भिलाई-3 के स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर जलमग्न हो गया। नगर निगम के स्वच्छता निरीक्षक बीनू वर्मा ने बताया कि बारिश थमने के साथ ही पानी निकासी का काम शुरू किया गया। निगम का अमला जेसीबी वाहन के साथ पानी निकालने में जुटा रहा।


scroll to top