मादक पदार्थों एवं ड्रग्स के अवैध कारोबार पर अंकुश हेतु टोल फ्री नंबर 1933 जारी
▪️ अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना देने की सुविधा
▪️ सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूर्णतः गोपनीय
▪️ दुर्ग–भिलाई शहर के लगभग 500 ई-रिक्शा में टोल फ्री नंबर चस्पा
▪️ जन-जागरूकता हेतु ई-रिक्शा को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया गया

भिलाई नगर 04 फरवरी 2026:- पुलिस द्वारा ऑपरेशन विश्वास के अंतर्गत मादक पदार्थों एवं ड्रग्स के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टोल फ्री नंबर 1933 जारी किया गया है। उक्त टोल फ्री नंबर के माध्यम से आम नागरिक मादक पदार्थों एवं ड्रग्स के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों एवं गतिविधियों की सूचना सीधे पुलिस को दे सकते हैं।

04.02.2026 को दुर्ग–भिलाई शहर में संचालित लगभग 500 ई-रिक्शा में टोल फ्री नंबर 1933 चस्पा कर, जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग विजय अग्रवाल द्वारा हरि झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही जिले के समस्त पुलिस वाहनों में भी उक्त टोल फ्री नंबर चस्पा किया गया है, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।


दुर्ग पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि टोल फ्री नंबर पर सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचनाओं पर विधिसम्मत एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी।



दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों, ड्रग्स अथवा अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1933 पर सूचना दें एवं समाज को नशा मुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें।




