एचएमएम क्यूरेटेड मॉड्यूल्स पूरा करने वाले टॉप 10 लर्नर्स सम्मानित
भिलाई नगर 05 मार्च 2026:- भिलाई इस्पात संयंत्र के इस्पात भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में वर्ष 2024–25 के लिए एचएमएम क्यूरेटेड मॉड्यूल्स के टॉप 10 लर्नर्स को मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (एचआर-एलएंडडी) संजीव कुमार श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (एचआर) संजय द्विवेदी तथा महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) सौरभ वार्ष्णेय सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

एचएमएम क्यूरेटेड मॉड्यूल्स एक सुव्यवस्थित एवं स्व-गति आधारित शिक्षण मंच है, जो अधिकारियों की प्रबंधकीय, तकनीकी तथा व्यवहारिक क्षमताओं के विकास में सहायक सिद्ध हो रहा है। वर्ष 2024–25 के दौरान बीएमडीसी में इस पहल के तहत पाँच हैंडहोल्डिंग कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कुल 108 नामांकित अधिकारियों में से 98 अधिकारियों ने सफलतापूर्वक एचएमएम मॉड्यूल पूर्ण किया, जो 91 प्रतिशत की उल्लेखनीय उपलब्धि है। इसके साथ ही सेल-बीएसपी, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की सभी इकाइयों में सर्वोच्च स्थान पर रही।

कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने अपने संबोधन में अधिकारियों की सीखने के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आधुनिक लर्निंग प्लेटफॉर्म अधिकारियों की पेशेवर दक्षता को विकसित करने के साथ-साथ संगठनात्मक कार्यकुशलता को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को इन प्लेटफॉर्म का सक्रिय उपयोग कर निरंतर ज्ञानवर्धन के लिए प्रेरित किया।



