सूर्या मॉल के अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्यवाही….. सौ से ज्यादा दुपहिया वाहनों को जब्त कर की गई चालानी कार्रवाई…… निगम के बनाए फुटपाथ को घेरकर खड़े वाहनों से की जा रही थी वसूली…..

IMG-20251013-WA1043.jpg

सूर्या मॉल के अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्यवाही
00 सौ से ज्यादा दुपहिया वाहनों को जब्त कर की गई चालानी कार्रवाई
00 निगम के बनाए फुटपाथ को घेरकर खड़े वाहनों से की जा रही थी वसूली


भिलाई नगर  13 अक्टूबर 2025:-  सूर्या मॉल प्रबंधन के शह पर संचालित अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने रविवार की रात को बड़ी कार्यवाही किया है। ट्रैफिक एएसपी ऋचा मिश्रा के नेतृत्व में दमदारी के साथ सौ से भी ज्यादा दुपहिया वाहन को जब्त कर चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान सूर्या मॉल प्रबंधन और संबंधित ठेकेदार की ओर से कार्यवाही न हो इसके लिए हर तरह का साम दाम दण्ड भेद अपनाया जाता रहा। सूर्या मॉल प्रबंधन ने नगर निगम के बनाए फुटपाथ वाली जगह को घेरकर पार्किंग स्थल बनाकर वाहनों से वसूली का ठेका दे रखा था।


एएसपी मिश्रा ने दल-बल के साथ सूर्या मॉल पहुंचकर अवैध पार्किंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। फुटपाथ और सड़क पर कब्जा जमाकर खड़ी सैकड़ों गाड़ियों को क्रेन से उठवाया गया और नेहरू नगर चौक स्थित ट्रैफिक कार्यालय में शिफ्ट किया गया। दरअसल, सूर्या मॉल के सामने लंबे समय से ठेकेदार द्वारा सड़क से लगे फुटपाथ को रस्सी से घेरकर सशुल्क पार्किंग चलाई जा रही थी। हर दिन सैकड़ों वाहनों से वसूली की जा रही थी। बाइक से 25 रुपए और कार से 60 रुपए तक वसूल कर मोटी कमाई की जा रही थी।


बता दें कि इस अवैध वसूली की शिकायतें सूर्या बिहार के रहवासियों ने कईं बार नगर निगम भिलाई से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और नगर निगम अधिकारियों ने भी इसे अवैध माना था और कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन एक महीने बीत जाने के बाद भी जब निगम ने कोई कदम नहीं उठाया, तो ठेकेदार और मॉल प्रबंधन का हौसला और बढ़ गया। उन्होंने दोबारा अवैध पार्किंग चालू कर दी। रविवार को ट्रैफिक एएसपी ऋचा मिश्रा को जुनवानी चौक से सूर्या बिहार तक यातायात बाधित होने की सूचना मिली। उन्होंने तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरु की।


एएसपी ने मौके पर अनाउंसमेंट कराया। इसके बावजूद जब वाहन मालिकों ने गाड़ियां नहीं हटाईं, तो पुलिस ने क्रेन बुलाकर वाहनों को जब्त कर लिया। करीब 100 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ठेकेदार ने एएसपी मिश्रा से मिन्नतें की और प्रभावशाली लोगों के फोन भी करवाए, लेकिन एएसपी ने किसी की नहीं सुनी। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि दोबारा सड़क पर पार्किंग कराई गई और यातायात बाधित हुआ, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एएसपी ऋचा मिश्रा ने कहा कि सूर्या मॉल के सामने फुटपाथ पैदल आवाजाही के लिए बनाया गया है, लेकिन सड़क को रस्सी से घेरकर पार्किंग बनाई जा रही थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर अवैध वाहनों को जब्त किया गया और ठेकेदार को चेतावनी दी गई है कि दोबारा ऐसा किया तो सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।


scroll to top