धमधा रोड पर हादसे में दो दोस्तों की मौत…. सड़क किनारे पेड़ से टक्कर के बाद कार में लगी आग, दो गंभीर

IMG-20241229-WA04821.jpg


भिलाई नगर  29 दिसंबर 2024:-  धमधा रोड पर शनिवार की रात को दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में अमित ताम्रकार पिता महेंद्र ताम्रकार ( 30 वर्ष ) तमेर पारा दुर्ग और आदित्य कसेर पिता अशोक कसेर ( 33 वर्ष ) वार्ड 13 धमधा निवासी हैं। कार में चार युवक सवार होकर दुर्ग से धमधा की ओर जा रहे थे।थे। इस दौरान मेडसरा गांव के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद कार में आग भी लगी और कार बुरी तरह जलकर खाक हो गई। मामला नंदिनी थाना क्षेत्र का है।


जानकारी के अनुसार कार क्रमांक CG 07 BK 7387 में सवार होकर चार दोस्त दुर्ग से धमधा की ओर जा रहे थे। शनिवार रात करीब 11.30 बजे मेड़ेसरा गांव के पास बने पावर ग्रिड के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि टक्कर के साथ ही धुआं निकलने लगा। आसपास के लोगों ने कार के भीतर से सभी को बाहर निकला। इसके बाद कार में आग लग गई।


हादसे के बाद कार से धुआं निकलने लगा और आग लग गई। पेड़ भी जल गया। हालांकि समय रहते सभी को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर डायल 112 की टीम पहुंच गई। हादसे में अमित ताम्रकार पिता महेंद्र ताम्रकार निवासी तमेर पारा दुर्ग व आदित्य कसेर पिता अशोक कसेर निवासी वार्ड-13 धमधा की मौके पर ही मौत हो गई।

कार की पिछली सीट पर अनीश ताम्रकार और सुधांशु ताम्रकार बैठे थे जो कि गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को श्री शंकराचार्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। नंदिनी पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।


scroll to top