यूडीएफकॉन 2025: केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया नई दिल्ली में ‘द हितवाद’ के समाचार संपादक मुकेश एस. सिंह को देंगे डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सेवा सम्मान अवार्ड
मुख्य बिंदु:
– 4 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक संविधान क्लब, नई दिल्ली में होगा भव्य राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन
– डॉ. बी.एन. गंगाधर, डॉ. बी. श्रीनिवास, डॉ. चारु माथुर, डॉ. नीमेश देसाई समेत कई प्रमुख विशेषज्ञ होंगे शामिल
– यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट करेगा विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
– डॉ. लक्ष्य मित्तल ने कहा— “लोकसेवा आधारित पत्रकारिता को राष्ट्रीय पहचान मिलना आवश्यक”

नई दिल्ली01 मई 2025:- देश की प्रतिष्ठित अंग्रेज़ी दैनिक पत्रिका द हितवाद (रायपुर संस्करण) के समाचार संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार मुकेश एस. सिंह को केंद्रीय श्रम एवं युवा मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा ‘डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सेवा सम्मान अवार्ड’ से अलंकृत किया जाएगा। यह सम्मान राष्ट्रीय चिकित्सा संगठन यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (यूडीएफ) द्वारा आयोजित होने वाले ‘यूडीएफकॉन 2025’ सम्मेलन के अवसर पर 4 मई को संविधान क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में प्रदान किया जाएगा।
मुकेश एस. सिंह को यह राष्ट्रीय सम्मान जनहित पत्रकारिता, अनुसंधानपरक रिपोर्टिंग और नैतिक संपादन मूल्यबोध में उनके तीन दशक से अधिक के योगदान हेतु प्रदान किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि वे पूरे छत्तीसगढ़ राज्य से एकमात्र पत्रकार हैं जिन्हें इस मंच पर सम्मानित किया जा रहा है।

यूडीएफकॉन 2025 देश भर से चिकित्सा, विधिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक जगत के विशेषज्ञों को एकत्र कर नीतिगत सुधारों व व्यवहारिक स्वास्थ्य प्रणाली के बीच की खाई को पाटने का प्रयास करेगा। यह सम्मेलन ‘तंबाकू मुक्त भारत’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों को भी समर्थन देगा और चिकित्सा शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, विधि-सुरक्षा, और लोक स्वास्थ्य नीति जैसे विषयों पर विशिष्ट विमर्श प्रस्तुत करेगा।

इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि होंगे डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय मंत्री, श्रम एवं रोजगार और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय। विशिष्ट अतिथियों में शामिल हैं प्रो. (डॉ.) बी.एन. गंगाधर, अध्यक्ष, राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) और प्रो. (डॉ.) बी. श्रीनिवास, डीडीजी (एमई), डीजीएचएस एवं पूर्व सचिव, एनएमसी।

सम्मेलन में डॉ. अरविंद के. ड्रावे (पीजीएमईबी, एनएमसी), श्री औजेंदर सिंह (निदेशक, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय), डॉ. चारु माथुर (एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड, सर्वोच्च न्यायालय), प्रो. (डॉ.) नीमेश जी. देसाई (पूर्व निदेशक, आईएचबीएएस), डॉ. सुनील खत्री (मेडिकोलीगल विशेषज्ञ, सुप्रीम कोर्ट), और प्रो. (डॉ.) ओमप्रकाश (डिप्टी एमएस, आईएचबीएएस) जैसी हस्तियां भी प्रमुख वक्ता होंगी।
डॉ. लक्ष्य मित्तल, राष्ट्रीय अध्यक्ष, यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट एवं यूडीएफकॉन 2025 के आयोजन अध्यक्ष ने कहा—
“मुकेश एस. सिंह जैसे पत्रकार को यह सम्मान देना पत्रकारिता की उस निर्भीक परंपरा को सम्मानित करना है, जो लोकतंत्र में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनहित की रक्षा करती है।” उन्होंने आगे कहा,
“इस वर्ष का यूडीएफकॉन केवल चिकित्सा सम्मेलन नहीं, बल्कि एक ऐसा आंदोलन है जो शासन, समाज और स्वास्थ्य के बीच की संवादहीनता को तोड़ने का कार्य करेगा।”

सम्मेलन के मुख्य सत्र में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में पत्रकार, चिकित्सक, शिक्षाविद, प्रशासक, उद्यमी और समाजसेवियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

“मुकेश एस. सिंह, जो पिछले 28 वर्षों से अधिक समय से अंग्रेज़ी प्रिंट पत्रकारिता में सक्रिय हैं, उनके अनुभव और सिद्धांत आधारित रिपोर्टिंग ने शासन, विधिक प्रणाली, स्वास्थ्य और नीति-निर्धारण की धाराओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका चयन, एक लोकतांत्रिक समाज में तथ्यपरक पत्रकारिता की प्रासंगिकता को रेखांकित करता है।” —
डॉ. लक्ष्य मित्तल, आयोजन अध्यक्ष, यूडीएफकॉन 2025 एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (यूडीएफ)


