राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत इंडियन किड्स स्कूल, बघेरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित….

IMG-20260123-WA2477.jpg

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत इंडियन किड्स स्कूल, बघेरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
🔸 बच्चों एवं अभिभावकों को शॉर्ट वीडियो के माध्यम से दुर्घटनाओं के कारणों की जानकारी दी गई
🔸 हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने एवं नशे में वाहन न चलाने की अपील की गई

दुर्ग 24 जनवरी 2026:- राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत  23 जनवरी को यातायात पुलिस द्वारा इंडियन किड्स स्कूल, बघेरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय में उपस्थित बच्चों एवं उनके अभिभावकों को यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराते हुए शॉर्ट वीडियो के माध्यम से यह समझाया गया कि सड़क पर की जाने वाली छोटी-छोटी लापरवाहियाँ किस प्रकार गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं।

वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाना, तेज गति, यातायात नियमों की अनदेखी, तथा नशे की अवस्था में वाहन चलाने जैसी गंभीर त्रुटियों के दुष्परिणामों को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया। उपस्थित जनसमूह को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा किसी भी प्रकार के नशे की अवस्था में वाहन न चलाने की सख्त अपील की गई।

यातायात पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि बच्चों में कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा की समझ विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवारजनों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित कर सकें। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक व्यवहार विकसित करना एवं दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाना रहा।


scroll to top