निवास बदल चुके मतदाताओं को नहीं मिल रहा गणना पत्रक…. बीएलओ का कहना अफसरों के निर्देश पर तहसील कार्यालय में करा दिया जमा…. चरोदा रेलवे कॉलोनी के तीन वार्ड के हजारों परिवार में बनी असमंजस की स्थिति….

IMG-20251122-WA0792.jpg

निवास बदल चुके मतदाताओं को नहीं मिल रहा गणना पत्रक
00 बीएलओ का कहना अफसरों के निर्देश पर तहसील कार्यालय में करा दिया जमा
00 चरोदा रेलवे कॉलोनी के तीन वार्ड के हजारों परिवार में बनी असमंजस की स्थिति

भिलाई नगर 22 नवंबर 2025:- अपना निवास स्थान बदल चुके मतदाताओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए आवश्यक गणना पत्रक नहीं मिल पा रहा है। यह वाक्या भिलाई – चरोदा नगर निगम क्षेत्र के चरोदा रेलवे कॉलोनी का है। यहां के तीन वार्डों के ऐसे मतदाता जो फिलहाल शहर के ही अन्य वार्ड में शिफ्ट हो गए हैं, उनके नाम से जारी गणना पत्रक को बीएलओ ने तहसील कार्यालय में जमा करा दिया है। जिम्मेदारों की ओर से कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पा रही है। नतीजतन हजारों परिवार में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।


भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूरे छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत बूथ लेबल ऑफिसर ( बीएलओ ) द्वारा हर एक मतदाता के घर पहुंचकर गणना पत्रक उपलब्ध कराया जा रहा है। मतदाताओं को यह गणना पत्रक भरकर अंतिम तिथि 4 दिसंबर तक बीएलओ के पास जमा कराया जाना है। लेकिन चरोदा रेलवे कॉलोनी के तीन वार्ड के ऐसे मतदाता जो सेवानिवृत्ति या फिर अन्य कारणों से अपना निवास क्षेत्र बदल चुके हैं, उन्हें गणना पत्रक नहीं दिया जा रहा है। बीएलओ से संपर्क करने पर बताया जा रहा है कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर उन्होंने जिनके निवास संबंधित बूथ के दायरे में नहीं है, उनके नाम पर जारी गणना पत्रक को तहसील कार्यालय भिलाई-3 में जमा करा दिया है।


यहां पर यह बताना लाजिमी है होगा कि चरोदा रेलवे कॉलोनी के अनेक आवास समय के साथ जर्जर हो गए हैं। इस वजह से कुछ रेल परिवार ने दूसरे आवास आबंटित करा लिया है। जबकि अनेक परिवार सेवानिवृत्ति के चलते या अपने स्वयं का मकान बनाकर रेलवे आवास खाली कर दिया है। लेकिन इनमें से ज्यादातर परिवार का नाम आज भी रेलवे कॉलोनी के मतदाता सूची में ही यथावत दर्ज है। अब जब मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण हो रहा है तो ऐसे परिवार के लोग बीएलओ से संपर्क कर गणना पत्रक मांग रहे हैं। लेकिन बीएलओ उन्हें गणना पत्रक तहसील कार्यालय में जमा करा दिए जाने की जानकारी देकर पल्ला झाड़ रहे हैं। इस वजह से ऐसे हजारों परिवार में मतदाता सूची से नाम कटने के भय पसर गया है।

00 नाम विलोपित होने की आशंका का निवारण हो – पाण्डेय
नगर निगम के उप नेता प्रतिपक्ष एवं रेलवे वार्ड से भाजपा पार्षद चंद्र प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि वर्तमान में उनके वार्ड में निवास नहीं कर रहे मतदाताओं का गणना पत्रक देने में बीएलओ मना कर रहें हैं। इससे ऐसे मतदाताओं में अपना नाम मतदाता सूची से विलोपित हो जाने की आशंका बनी हुई है। समय रहते इनके आशंका का निवारण किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि रेलवे वार्ड के जनप्रतिनिधियों ने एसआईआर से संबंधित अधिकारियों से मिलकर चर्चा की है। लेकिन संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने से वे सशंकित मतदाताओं को मतदाता सूची में उनका नाम रहेगा या नहीं, इसकी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं


00 फार्म – 6 से वर्तमान निवास क्षेत्र में जुड़ेगा नाम
एक अधिकारी ने अपना नाम छापने से परहेज करते हुए बताया कि एसआईआर में मतदाता का निवास उसी वार्ड में होना नियमों के तहत अनिवार्य है। इसके चलते ही चरोदा रेलवे कॉलोनी से अपना निवास बदल चुके मतदाताओं को गणना पत्रक नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे मतदाता अपने वर्तमान निवास क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर फार्म – 6 भरकर जमा करें। चूंकि अब वे अपना पुराना निवास छोड़ चुके हैं। ऐसे गणना पत्रक में दी गई जानकारी का सत्यापन बीएलओ कहां जाकर करेगा। इसलिए ऐसे मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। वे अभी जहां पर निवासरत हैं, वहीं से फार्म – 6 भरकर जमा करें। उनका नाम उनके वर्तमान निवास क्षेत्र की मतदाता सूची से जुड़ जाएगा।


scroll to top