सेवा के क्षेत्र में काम करते हुए हमे वाणी में मधुरता, व्यवहार में शालीनता, रिश्तों में प्रगाढ़ता तथा स्वभाव में मुखरता रखे…. डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट वी. अनीता अग्रवाल…. वी क्लब भिलाई ग्रेट, एवं वी क्लब भिलाई वीनस का संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह संपन्न…

IMG-20230827-WA1180.jpg

भिलाई नगर 27 अगस्त 2023 :- वी क्लब भिलाई ग्रेट एवं वी क्लब भिलाई वीनस का संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह होटल अमित इंटरनेशनल में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि एवं शपथ अधिकारी के रूप मे वी डिस्ट्रिक्ट 323 जी-3 की डिस्ट्रिक्ट प्रेसीडेंट वी अनिता अग्रवाल तथा विशेष अतिथि के रूप में एरिया ऑफिसर वी सुनीता शर्मा, डिस्ट्रिक्ट कोषाध्यक्ष वी ऊषा अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष वी भारती अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट सह सचिव वी अनिता पांडेय, डिस्ट्रिक्ट एडीशनल पी आर ओ वी सरोज अग्रवाल उपस्थित हुईं।


दीप प्रज्वलन एवं भारतमाता के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रारंभ में ही चंद्रयान 3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंड करने की खुशी जाहिर करते हुए सभी ने भारत माता का जयघोष किया, वंदे मातरम् के नारे लगाए। स्वागत भाषण वी मंजू बंसल ने दिया।


शपथ अधिकारी वी अनिता अग्रवाल ने सर्वप्रथम चंद्रविजय के पर्व की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। तत्पश्चात दोनो क्लबों के संचालक मंडल तथा अध्यक्षों सहित समस्त पदाधिकारियों को सेवा के क्षेत्र में समर्पित भाव से एवं टीम भाव से कार्य करने हेतु शपथ दिलाई। हर पदाधिकारी को उनकी जवाबदारी समझाते हुए कार्य करने का तरीका बताया।

उन्होने कहा कि सेवा के क्षेत्र में काम करते हुए हम वाणी में मधुरता, व्यवहार में शालीनता, रिश्तों में प्रगाढ़ता तथा स्वभाव में मुखरता रखें। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट “सेवा, सहयोग, समर्पण” तथा डिस्ट्रिक्ट स्लोगन “सत्यम शिवम् सुंदरम” का उल्लेख करते हुए कहा कि, हम सदा सत्य अर्थात सेवा की राह पर, शिव को ध्येय बनाकर चलें और सुंदर सेवा कार्य करते हुए अपने जीवन को सार्थक बनाएं।


सभी पदाधिकारियों ने भी अग्नि को साक्षी मानकर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की उत्साह के साथ शपथ ली।
विशेष अतिथि एरिया ऑफिसर वी सुनीता शर्मा ने कहा कि, कोई भी एक्टिविटी करते समय आप क्लब का बैनर जरूर लगाएं। रिपोर्टिंग समय पर करें, क्लब द्वारा किए गए कार्यों का प्रचार प्रसार करें ताकि आपसे प्रेरित होकर और लोग भी सेवा के क्षेत्र में आगे आए।


वी क्लब भिलाई वीनस एवं वी क्लब भिलाई ग्रेट के अध्यक्ष द्वय वी रितु अग्रवाल एवं वी कविता गोयल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्हे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने हेतु अपने अपने क्लब के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अध्यक्ष की जवाबदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का वचन दिया।

उन्होंने कहा कि, डिस्ट्रिक्ट से मिले निर्देशों के अनुसार वे डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट “सेवा सहयोग समर्पण” पर अपनी टीम के साथ मिलकर कार्य करेंगी। इस वर्ष “खुशियों की सौगात, निर्धन कन्या विवाह, बालिका शिक्षा एवं स्वास्थ्य” तथा”पर्यावरण” पर उनके क्लब ज्यादा ध्यान देंगे। कोषाध्यक्ष वी अनिता अशोक अग्रवाल ने भी कोष से सम्बन्धित रिपोर्ट पढ़ी।


कार्यक्रम का सफल संचालन भिलाई ग्रेट की कोषाध्यक्ष वी ममता वर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन भिलाई वीनस की सचिव वी पूनम गोयल ने किया। इस अवसर पर वी क्लब भिलाई ग्रेट एवं वी क्लब भिलाई वीनस के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।


scroll to top